उत्तराखंड

मसूरी में युवतियों और महिलाओं के बीच जमकर मारपीट, जूते-चप्पल चले; वीडियो वायरल

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में देर रात पिक्चर पैलेस चौक पर दो परिवारों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की युवतियां और महिलाएं आपस में भिड़ गईं। सड़क पर जमकर मारपीट हुई और एक-दूसरे पर जूते-चप्पल चलाए गए। हंगामा बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची मसूरी पुलिस ने दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है

जानकारी के अनुसार, विवाद दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ था। इसी दौरान दोनों परिवारों की युवतियां आमने-सामने आ गईं। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद में महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है। सड़क पर हुए इस हंगामे के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

घटना की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने उनके साथ अभद्रता की, जिसके बाद मीडिया कर्मियों ने भी विरोध जताया। विवाद के दौरान काफी देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि, मारपीट की शुरुआत कैसे हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मसूरी कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात हुए हंगामे के मामले में पुलिस जांच कर रही है। दो महिलाओं को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई है। पूछताछ के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।

गौरतलब है कि मसूरी में इन दिनों शरदोत्सव के चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में शहर के प्रमुख चौराहे पर देर रात हुए हंगामे ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button