उत्तराखंड

मां के घर से लाखों के जेवर चोरी कर राजस्थान भागा बेटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोटद्वार। बालासौड़ में एक बेटे ने अपनी ही मां के घर से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए और वारदात के बाद राजस्थान फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 10.50 तोला सोने और 891 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।

बालासौड़ निवासी अनीता देवी ने पांच अक्तूबर को कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान चोरी में वादिनी के बेटे दीपांशु राजपूत की भूमिका सामने आई। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए पुलिस ने आरोपी की लोकेशन राजस्थान में ट्रेस की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपांशु राजपूत को झालूपुरा, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि व्यक्तिगत जरूरतों और अपने शौक पूरे करने के लिए उसने मां के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वह जेवर लेकर राजस्थान फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 10.50 तोला सोने और 891 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button