उत्तराखंड

बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल फिर गिरफ्तार, चचेरे साले के अपहरण और मारपीट का आरोप

देहरादून। बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल को देहरादून पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार किया है। नेहरू कॉलोनी थाने में उनके खिलाफ चचेरे साले राज सिंह चौहान के अपहरण, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बुधवार, आठ अक्टूबर को अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने छह अक्टूबर को थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी थी। आरोप है कि पांच अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने उसे बातचीत के बहाने हरिद्वार बाईपास रोड पर बुलाया और जबरन कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका अपहरण कर जान से मारने का प्रयास किया।

तहरीर के अनुसार, बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल ने पीछे से उसका गला दबाया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। मोबाइल नहीं छीन पाने पर कथित तौर पर साथियों से उसे जान से मारने के लिए कहा गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे कार के नीचे डालने का प्रयास किया गया और लोहे की वस्तु से सिर, छाती और मुंह पर वार किए गए।

राज सिंह चौहान ने एक आरोपी पर चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया है। साथ ही मारपीट के दौरान उसकी घड़ी और सोने की चेन ले जाने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित के मुताबिक, उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

राज सिंह चौहान का कहना है कि अनुराग डोभाल की पत्नी रितिका डोभाल उसकी चचेरी बहन हैं और दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर बातचीत के लिए उसे बुलाया गया था। हालांकि, बातचीत के दौरान मामला मारपीट तक पहुंच गया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुरुआत में बीएनएस की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 140(1) और 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।

थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सुद्धोवाला-प्रेमनगर क्षेत्र से अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान के रूप में हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

इससे पहले पांच अक्टूबर की रात भी हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, वहां अनुराग डोभाल और उसके साथियों द्वारा राज सिंह चौहान के साथ मारपीट की जा रही थी। दोनों पक्षों को पुलिस चौकी बायपास लाया गया, जहां दोबारा विवाद की स्थिति बन गई।

पुलिस के मुताबिक, समझाने के बावजूद अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान मारपीट पर उतारू रहे। इसके बाद पुलिस ने चारों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया था और घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा था। उस मामले में बाद में अनुराग डोभाल और उसके साथियों को जमानत मिल गई थी। अब पुलिस ने राज सिंह चौहान की तहरीर पर दर्ज अपहरण और मारपीट के मुकदमे में चारों को दोबारा गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button