
उत्तराखंड मौसम : उत्तराखंड में मई के महीने में जहां आमतौर पर गर्मी रहती है, वहीं इस बार मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया। देहरादून जिले के त्यूणी गांव में तेज आंधी से कई घरों की छतें उड़ गईं।
मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए सतर्कता बरतने को कहा गया है।
चारधाम यात्रा पर विशेष सतर्कता
चारधाम यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ आपात बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खराब मौसम की स्थिति में हेली सेवाओं का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही सड़कों पर मलबा आने की स्थिति में उसे प्राथमिकता से हटाकर यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गंगा के जलस्तर पर भी नजर
पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वर्षा के बाद टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना के मद्देनजर ऋषिकेश में गंगा के जलस्तर को लेकर SDRF को अलर्ट किया गया है। गंगा घाटों और तटों पर तीर्थयात्रियों व पर्यटकों को चेतावनी जारी की जा रही है।
प्रशासन की अपील
राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।
प्रदेश में मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत-बचाव दलों को तैयार रखा गया है।



