
गैरसैंण: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार का आगामी बजट सत्र गैरसैंण में आयोजित किया जाएगा। विधायी विभाग ने मंगलवार को इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी की। बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च तक चलेगा, जबकि 11 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा।
बजट सत्र से पहले हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम
सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 मार्च को हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सत्र के पहले दिन होगा राज्यपाल का अभिभाषण
सूत्रों के अनुसार सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही शुरू होगी।
विधायकों से अब तक 510 प्रश्न प्राप्त
विधानसभा सचिवालय के अनुसार बजट सत्र के लिए अब तक विधायकों की ओर से लगभग 510 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रश्नों की संख्या और बढ़ सकती है। यदि कार्यसूची लंबी रही तो सत्र की अवधि बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।
बजट से पहले जनता से राय
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बजट तैयार करने से पहले आम जनता से राय ली जा रही है। चंपावत में संवाद कार्यक्रम के बाद पौड़ी में भी जनसंवाद आयोजित किया जाएगा। बजट को केंद्र सरकार की नीतिगत दिशा के अनुरूप तैयार किया जा रहा है ताकि राज्य के विकास को नई गति मिले।
चारधाम यात्रा को सुगम बनाने पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार चारधाम यात्रा को प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन मानती है। इसके तहत बुनियादी ढांचे, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



