उत्तराखंड

गोल चौराहे पर युवक को गोली मारने का आरोप, मुख्य आरोपी रितिक पुलिस की गिरफ्त में

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर में शुगर मिल के गोल चौराहे पर दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रितिक पुत्र शरणवीर सिंह, निवासी बहादरपुर खादर के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी पारस की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को अकोढ़ाकलां निवासी सुमित कुमार ने लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसका भाई रामकेश जब शुगर मिल के बाहर गोल चौराहे से गुजर रहा था, तभी बहादरपुर खादर निवासी रितिक ने अपने साथी पारस निवासी सीमली और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की नीयत से उस पर देशी तमंचे से फायरिंग की गई।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 352 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने एसपी ग्रामीण और सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रितिक गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। हालांकि, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 11 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी पारस की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button