उत्तराखंड

सीएम धामी ने की चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रतिकूल मौसम और बीच-बीच में यात्रा मार्गों पर आने वाली चुनौतियों के बावजूद भक्तों की आस्था कम नहीं हुई है। इसी का परिणाम है कि केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि चारों धामों में अब तक 26,86,259 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

 

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने यात्रा की वर्तमान स्थिति, श्रद्धालुओं की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था और मौसम से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

 

यात्रा कंट्रोल रूम, रुद्रप्रयाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को अकेले 24,066 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए, जिनमें 11 हजार से अधिक महिलाएं शामिल थीं। शनिवार शाम पांच बजे तक केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 10,00,497 दर्ज की गई।

 

इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बीते 23 मई को एक ही दिन में चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक रही थी। वहीं 24 मई को भी करीब 98 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इसके बाद भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा पर पहुंच रहे हैं।

 

प्रशासन के अनुसार यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक प्रबंधन और मौसम संबंधी निगरानी को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। राज्य सरकार का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

 

चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button