उत्तराखंडदेहरादून

विदेश में रह रही महिला का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर हड़पी जमीन, 7 साल बाद मेरठ से गिरफ्तार हुआ आरोपी

देहरादून: राजधानी देहरादून में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विदेश में रह रही महिला का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर उसकी जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी करने और धोखाधड़ी से भूमि का बैनामा कराने का आरोप है।

 

पुलिस के अनुसार, राजपुर रोड आर्य नगर निवासी रक्षा सिन्हा ने वर्ष 2018 में डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अमित मैगी और उसके साथियों ने उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर उनकी भूमि के नकली दस्तावेज तैयार किए और जमीन का बैनामा अपने नाम कराकर करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का प्रयास किया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 23 नवंबर 2018 को संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों राजीव देओल, कुलदीप सिंह और विनय बिश्नोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

 

सीओ डालनवाला नितिन लोहनी ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपी रविंद्र कुमार का नाम भी सामने आया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और तकनीकी व स्थानीय इनपुट के आधार पर मेरठ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button