ऋषिकेश में जुटेंगे देशभर के मेयर, ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की बैठक के लिए तैयारियां पूरी

ऋषिकेश: ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक के लिए देशभर से मेहमानों का ऋषिकेश पहुंचना शुरू हो गया है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार बैठक में करीब 60 मेयरों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने बताया कि अब तक 46 मेयरों की उपस्थिति की पुष्टि हो चुकी है। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न नगर निकायों से जुड़े मुद्दों, शहरी विकास और जनसुविधाओं पर चर्चा की जाएगी।
बैठक का शुभारंभ 3 जून को सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। कार्यक्रम के पहले दो सत्र इंद्रमणि बडोनी चौक स्थित एक होटल में आयोजित किए जाएंगे, जबकि तीसरा सत्र त्रिवेणी घाट पर होगा।
त्रिवेणी घाट में आयोजित विशेष सत्र के दौरान गंगा आरती के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण जागर एवं गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मेयरों के अलावा पार्षद, उनके परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के भी शामिल होने की संभावना है।
चार जून को त्रिवेणी घाट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद इंद्रमणि बडोनी चौक स्थित होटल में समापन सत्र के साथ बैठक का समापन होगा।
नगर निगम प्रशासन ने कार्यक्रम में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पार्षदों के लिए विशेष प्रवेश पास जारी करने का निर्णय लिया है। बैठक को लेकर प्रशासन और नगर निगम की ओर से सुरक्षा, आवास और यातायात संबंधी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।



