उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, आंधी-तूफान का येलो अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। मौसम में इस बदलाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेशभर के लिए बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। सात जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।



