उत्तराखंड

देहरादून में दृष्टिबाधित छात्रों का आंदोलन तेज, NIEPVD प्रशासनिक भवन पर जड़ा ताला

देहरादून: राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) देहरादून में छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज दृष्टिबाधित विद्यार्थियों ने शुक्रवार को कक्षाओं से बाहर निकलकर प्रदर्शन किया और संस्थान के प्रशासनिक भवन पर ताला जड़ दिया। छात्रों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस कार्रवाई चाहिए।

 

छात्र प्राचार्य कार्यालय से लेकर निदेशक कार्यालय तक पहुंचे और संस्थान में शिक्षा, छात्रावास, भोजन, स्वास्थ्य, खेल समेत अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई। छात्रों का कहना है कि कई समस्याएं लंबे समय से संस्थान के सामने रखी जा रही हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं हो पाया है।

 

स्थायी निदेशक की नियुक्ति की मांग

 

छात्रों की प्रमुख मांग संस्थान में स्थायी निदेशक की नियुक्ति को लेकर है। विद्यार्थियों का कहना है कि करीब चार वर्षों से स्थायी निदेशक नहीं होने के कारण संस्थान की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने जल्द से जल्द नियमित निदेशक की नियुक्ति की मांग की है।

 

इसके अलावा छात्रों ने उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता योजना दोबारा शुरू करने और कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। छात्रों का कहना है कि डिजिटल संसाधन दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की पढ़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

लैपटॉप वितरण को लेकर मिली स्वीकृति

 

संस्थान की ओर से बताया गया है कि कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही वितरण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।

 

हालांकि छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें केवल लैपटॉप तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने संस्थान में शिक्षा, छात्रावास, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की है। अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को समय पर किताबें उपलब्ध कराने, दृष्टिबाधित छात्रों के लिए अलग यूनिट और केयरटेकर की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई है।

 

खेल सुविधाओं में सुधार की भी मांग

 

आंदोलन कर रहे छात्रों ने संस्थान के सभागार, फुटबॉल मैदान, रनिंग ट्रैक और जिम जैसी खेल सुविधाओं के विस्तार की जरूरत भी बताई। विद्यार्थियों का कहना है कि बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने चाहिए।

 

निदेशक छात्रों से करेंगे संवाद

 

छात्रों के आंदोलन के बाद संस्थान प्रबंधन भी सक्रिय हो गया है। संस्थान के निदेशक प्रदीप अनिरुद्ध ने ऑनलाइन माध्यम से छात्रों से बातचीत की है। अब वह देहरादून स्थित संस्थान परिसर पहुंचकर छात्रों और प्रबंधन से सीधे बातचीत कर समस्याओं के समाधान पर चर्चा करेंगे।

 

प्रबंधन की ओर से छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से भी संवाद किया जाएगा। इससे पहले भी छात्रों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन विद्यार्थी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

 

संस्थान के प्राचार्य अमित शर्मा ने कहा कि छात्रों की कुछ मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। निदेशक भी देहरादून पहुंचकर विद्यालय परिसर में छात्रों से बातचीत करेंगे और समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदमों पर चर्चा करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button