उत्तराखंड

देवप्रयाग-पौड़ी रोड पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; 16 वर्षीय मासूम घायल

पौड़ी: उत्तराखंड में देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पौड़ी और टिहरी पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खड़ी चढ़ाई और दुर्गम स्थिति के कारण राहत एवं बचाव कार्य में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू टीम ने सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया।

 

कुंडाधार के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो

 

जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन हरिद्वार के लक्सर से पौड़ी की ओर जा रहा था। पौड़ी मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर कुंडाधार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब ढाई मीटर गहरी खाई में जा गिरा। प्रथमदृष्टया हादसे की वजह वाहन की तेज गति बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

 

हादसे में ग्राम रायपुर जीतपुर, लक्सर हरिद्वार निवासी अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), गुफरान (34), शादाब (14) और तीन वर्षीय अनाविया की मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय अरहाम गंभीर रूप से घायल हुआ है।

 

मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा

 

हादसे में घायल अरहाम को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे श्रीनगर बेस चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

 

थाना देवप्रयाग के एसआई रविंद्र भंडारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। जिस स्थान पर वाहन सड़क से नीचे गिरा, वहां सड़क काफी चौड़ी और पक्की है।

 

परिवार के सभी सदस्य मजदूरी और ठेकेदारी से जुड़े थे

 

पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार परिवार हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र का रहने वाला था। परिवार के लोग ठेकेदारी, वेल्डिंग और मजदूरी से जुड़े काम करते थे और हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रहे थे।

 

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button