उत्तराखंड

हल्द्वानी में दो गुटों के विवाद के बाद भगदड़, पुलिस ने 20 लोगों पर की कार्रवाई

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद के बाद हुई भगदड़ की घटना पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 20 लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है।

 

देर रात विवाद के बाद मची भगदड़

 

घटना मुखानी थाना क्षेत्र में 6 और 7 अगस्त की देर रात की बताई जा रही है। पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद के बाद सड़क पर अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

CCTV फुटेज से 20 लोगों की पहचान

 

एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने 20 लोगों की पहचान की।

 

पुलिस के अनुसार सभी 20 लोगों के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान करते हुए कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

 

मारपीट का नहीं मिला कोई साक्ष्य

 

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में 20 लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है और अग्रिम जांच जारी है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।

 

पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। हालांकि जांच के दौरान यदि मारपीट या कोई अन्य दंडनीय तथ्य सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों व हुड़दंग से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button