उत्तराखंड

खरगे की हल्द्वानी रैली से पहले बवाल, कांग्रेस नेताओं ने कोतवाली में दिया धरना

हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में प्रस्तावित जनसभा से ठीक पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

 

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खरगे की जनसभा में शामिल होने के लिए बाहरी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंच रहे कार्यकर्ताओं और आम लोगों की गाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर रोका जा रहा है। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

 

कोतवाली में जमकर नारेबाजी

 

कोतवाली परिसर में बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी की। धरने पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन पुलिस का सहारा लेकर जानबूझकर कांग्रेस की जनसभा को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।

 

उन्होंने कहा कि रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को बेवजह रोका जा रहा है और इसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

 

विवाद बढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से रैली में जाने वाली गाड़ियों को बैरियर से आगे जाने देने के निर्देश दिए गए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई।

 

सुबह 11 बजे प्रस्तावित था कार्यक्रम

 

मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा हल्द्वानी के रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे प्रस्तावित थी। हालांकि विवाद और यातायात व्यवस्था के चलते कार्यक्रम के दोपहर करीब 1 बजे शुरू होने की संभावना जताई गई।

 

राहुल गांधी की रैली को लेकर भी हुआ था विवाद

 

इससे पहले राहुल गांधी की देहरादून रैली को लेकर भी कांग्रेस और प्रशासन के बीच विवाद सामने आया था। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के लिए परेड मैदान में अनुमति मांगी गई थी, लेकिन रैली से एक दिन पहले पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद कार्यक्रम बन्नू स्कूल में आयोजित करना पड़ा था।

 

फिलहाल हल्द्वानी में खरगे की जनसभा से पहले कांग्रेस नेताओं के धरने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और पुलिस-प्रशासन की भूमिका को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button