देहरादून में दर्दनाक हादसा: बेकाबू मिक्सर ट्रैक्टर ने BTech छात्रा को कुचला, बहन के सामने मौत

देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमनटाउन क्षेत्र में रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चार खंभा चौक के पास पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर ने पैदल जा रही 18 वर्षीय BTech छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन के साथ कमरे की ओर जा रही थी छात्रा
मृतका की पहचान वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत के रूप में हुई है। वह दिल्ली के शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास की रहने वाली थी और देहरादून की ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में BTech प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 8:45 बजे की है। वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ चार खंभा चौक से पैदल कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्रा ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल भेजा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा वैष्णवी की बड़ी बहन कृतिका की आंखों के सामने हुआ। घटना के बाद परिवार को सूचना दे दी गई है।
चालक हिरासत में, मिक्सर ट्रैक्टर जब्त
क्लेमनटाउन थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रात अधिक होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी।
हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। वहीं, शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और रात के समय सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



