उत्तर प्रदेशपर्व

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

बिजनौर – आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कोतवाली देहात से नहटौर, धामपुर और अफजलगढ़ तक कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण खंड नजीबाबाद के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त है या गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल भरवाकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान पूरे जनपद में सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सतत गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी धामपुर स्मृति मिश्रा, पुलिस अधीक्षक पूर्वी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button