उत्तराखंड

टनकपुर-खटीमा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई टैक्सी; चालक की मौत, तीन घायल

खटीमा: चंपावत जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसा टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास हुआ।

 

जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट निवासी हरीश (34) पुत्र मोहन राम सवारियों को छोड़कर अपनी टैक्सी से टनकपुर लौट रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे उनकी टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की सहायता से उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।

 

हादसे में ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और राजेश्वरी भी घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। इससे पहले बाराकोट क्षेत्र में एक कार के गहरी खाई में गिरने और आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button