उत्तराखंड

राहुल गांधी ने वीडियो कॉल पर की अंकिता भंडारी के माता-पिता से बात, जल्द मुलाकात का दिया भरोसा

पौड़ी गढ़वाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। खराब मौसम के कारण उनका पौड़ी गढ़वाल दौरा रद्द हो गया, जिसके चलते निर्धारित मुलाकात नहीं हो सकी।

 

राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे थे और उनका अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल तथा देहरादून में कार्यक्रम प्रस्तावित था। हालांकि मौसम खराब होने के कारण उनका विमान आगे नहीं बढ़ सका और उन्हें पंतनगर से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इसके चलते सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।

 

पौड़ी के कंडोलिया मैदान में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पूर्व सैनिक एकत्र हुए थे। दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया और कहा कि वे जल्द ही उत्तराखंड आकर जनता के बीच संवाद करेंगे।

 

इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाए और कहा कि यह योजना युवाओं के भविष्य और सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न खड़े करती है।

 

उधर, कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल की पहल पर राहुल गांधी की अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल पर बातचीत कराई गई। बातचीत के दौरान अंकिता के माता-पिता ने उनसे मुलाकात की इच्छा जताई। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी उनसे मिल सकते हैं और समय निर्धारण गणेश गोदियाल के माध्यम से किया जा सकता है।

 

राहुल गांधी ने कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं और वे अंकिता भंडारी के परिवार से मिलने के लिए हमेशा तैयार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button