दिल्ली अग्निकांड के बाद देहरादून में अलर्ट, 666 भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट; नियमों में कमी पर नोटिस जारी

देहरादून। दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड के बाद देहरादून में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। अग्निशमन विभाग की ओर से होटल, अस्पताल, स्कूल, कोचिंग सेंटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की फायर सेफ्टी जांच तेज कर दी गई है। अभियान की दैनिक रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजी जाएगी।
अग्निशमन विभाग के अनुसार जनवरी से मई 2026 के बीच जनपद में कुल 666 भवनों और प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया। इनमें जनवरी में 96, फरवरी में 97, मार्च में 145, अप्रैल में 127 और मई में सबसे अधिक 201 भवनों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में खामियां पाए जाने पर करीब पांच प्रतिशत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक सुरक्षा मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अभिनव त्यागी ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद शासन और मुख्यालय स्तर पर फायर सेफ्टी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में देहरादून में भी व्यापक स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। भवन स्वामियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की गई है कि वे फायर सेफ्टी उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें।



