बदरीनाथ से कांग्रेस की ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू, 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम से ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ की शुरुआत की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में भ्रष्टाचार, अन्याय और जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच पहुंचना है। कांग्रेस ने यात्रा के जरिए भाजपा सरकार को घेरने का ऐलान किया है।
न्याय यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा आगे के लिए रवाना हुई।
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, दुराचार और अन्याय चरम पर है। उन्होंने कहा कि भगवान बद्री विशाल के दरबार से उठी न्याय की आवाज पूरे गढ़वाल, कुमाऊं और तराई क्षेत्र तक पहुंचेगी। जनता के अधिकारों, न्याय और उत्तराखंड की अस्मिता की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाकर कांग्रेस भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए संघर्ष करेगी।
गढ़वाल क्षेत्र में न्याय यात्रा बदरीनाथ धाम से जोशीमठ, पीपलकोटी और चमोली होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर और रुद्रप्रयाग में यात्रा निकाली जाएगी। 24 अक्टूबर को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र और कोटद्वार में न्याय यात्रा प्रस्तावित है। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल में यात्रा आयोजित की जाएगी।
वहीं, 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी को लेकर बैठक होगी। कांग्रेस प्रदेश में चार चरणों में न्याय यात्रा निकाल रही है। इसके तहत कुमाऊं क्षेत्र में भी यात्रा की शुरुआत की जाएगी।
कुमाऊं में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
कुमाऊं क्षेत्र में न्याय यात्रा रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा, रुद्रपुर, बाजपुर और काशीपुर से होकर गुजरेगी। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में प्रेस वार्ता भी आयोजित की जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि न्याय यात्रा के माध्यम से प्रदेश के मुद्दों को उठाकर जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा।



