उत्तराखंड

मसूरी में नवविवाहिता सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, होमस्टे से शराब की बोतलें और दवा के रैपर बरामद

मसूरी: मसूरी के टिपरीधार क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले में मृतका के पति से भी पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27 वर्ष) पत्नी सौम्या श्रीचरण, निवासी पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। दंपति उत्तराखंड घूमने आए थे और मसूरी के कियाना होम स्टे में ठहरे हुए थे।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात करीब 11:30 बजे मसूरी स्थित होमस्टे के “ब्लिस” नामक कमरे में रुके थे। पति के अनुसार दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और देर रात सोने चले गए थे। सुबह उठने पर उन्होंने पत्नी को अचेत अवस्था में पाया।

 

सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान महिला कमरे के फर्श पर मृत अवस्था में मिली। कमरे से दो खाली शराब की बोतलें, खाद्य सामग्री तथा कुछ संदिग्ध दवाओं के खाली रैपर भी बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस को घटनास्थल पर बेड की चादर पर रक्त के निशान भी मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था और दोनों आईटी सेक्टर में कार्यरत थे।

 

मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल देहरादून भेजा गया है। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

 

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button