उत्तराखंड

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ, बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध Neem Karoli Baba के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ रविवार सुबह आरती के साथ हो गया। मंदिर के कपाट खुलते ही देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

 

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की पूर्व संध्या से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचने लगे थे। सुबह से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्ति का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बाबा के दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।

 

मेले में इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

 

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिला पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, चौदह क्षेत्राधिकारी तथा वायरलेस विभाग के अधिकारियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए करीब 1500 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल प्वाइंट और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

 

प्रशासन के अनुसार निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के माध्यम से ही कैंची धाम पहुंचना होगा। इसके अलावा कैंची धाम रूट पर संचालित वाहनों के लिए विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है।

 

एसएसपी नैनीताल ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि स्थापना दिवस मेले के दौरान सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराए जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button