रुड़की में युवक ने खुद को चाकू से किया घायल, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार को गणेश चौक के पास एक युवक ने खुद को चाकू से घायल कर लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अपनी गाड़ी से रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जनता मजदूर कॉलोनी, दिल्ली निवासी अरमान रुड़की रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ आ रहा था। तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचने के बाद उसने एक दुकान से करीब 10 रुपये में चाकू खरीदा और कुछ देर बाद उसी से खुद को घायल कर लिया। युवक के घायल होकर सड़क पर गिरने के बाद आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले गई। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई गई। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद कुछ देर तक गणेश चौक पर लोगों की भीड़ जमा रही। युवक ने खुद को घायल करने का कदम किन परिस्थितियों में उठाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस युवक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली के एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। युवक ने बाजार से चाकू खरीदकर खुद को घायल किया था। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच कर रही है।



