उत्तराखंड

नशे की लत ने बनाया चोर, मंदिर में दानपात्र चोरी करने पहुंचे दो युवक दबोचे

देहरादून: नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दो युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र के मानक सिद्ध मंदिर को निशाना बना डाला। दोनों युवक मंदिर से दानपात्र चोरी करने पहुंचे थे, लेकिन चोरी की वारदात को अंजाम देकर भागने से पहले ही लोगों ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया दानपात्र बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को कारबारी निवासी जसपाल सिंह चौधरी ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि दो युवक मानक सिद्ध मंदिर से दानपात्र चोरी कर रहे थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने पहले मंदिर की रेकी की थी। इसके बाद दोनों सुनियोजित तरीके से दानपात्र चोरी करने पहुंचे थे। हालांकि, चोरी के बाद भागने से पहले ही लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ सिंह थापा (24) निवासी विष्णुकुंज कॉलोनी, बनियावाला और राहुल (26) निवासी पीपल का पेड़, गोरखपुर, शिमला बाईपास, पटेलनगर के रूप में की है। दोनों के कब्जे से चोरी किया गया दानपात्र बरामद किया गया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी नया गांव उपनिरीक्षक रफत अली, हेड कांस्टेबल अरुण और कांस्टेबल भीष्म शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button