
देहरादून। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत शिमला रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सोहेल देर रात अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। बताया जा रहा है कि दूसरे कमरे में मौजूद उनके भाई ने गोली चलने की आवाज सुनी। बाहर आने पर उन्होंने सोहेल को लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ा पाया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को शिमला बाईपास रोड पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अज्ञात हमलावरों द्वारा अधिवक्ता सोहेल को गोली मारने की बात सामने आई है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
वहीं पुलिस ने संकेत दिए हैं कि सड़क जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी नामजद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।



