उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश होगी तेज, 1 जुलाई तक कई जिलों में अलर्ट; पिथौरागढ़-बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी

देहरादून: उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग ने 1 जुलाई तक राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं 29 और 30 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 जून तक अधिकांश पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 29 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा।

 

30 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

देहरादून में बदला मौसम का मिजाज

 

शुक्रवार को देहरादून में दिनभर तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। बंजारावाला, हरिद्वार बाईपास, लाडपुर और रायपुर रोड समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि परेड ग्राउंड क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। करीब आधे घंटे की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया।

 

मानसून से पहले पर्वतीय क्षेत्रों में पहुंचाया गया तीन महीने का राशन

 

मानसून के दौरान संभावित सड़क बाधाओं को देखते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग ने नैनीताल जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में तीन महीने का राशन पहले ही पहुंचा दिया है। ओखलकांडा, सरना, बेतालघाट और मझेड़ा स्थित गोदामों में जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडारण किया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि पहली जुलाई से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के माध्यम से तीन महीने का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button