अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में खंडहर में मिला 28 वर्षीय महिला का शव, ओवरडोज से मौत की आशंका

देहरादून। राजधानी देहरादून के चूना भट्ठा क्षेत्र में एक पुराने खंडहर में 28 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार और एसपी देहात जया बलूनी ने भी मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर कुछ चोट के निशान भी मिले हैं, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है, जो डालनवाला क्षेत्र की सूरज बस्ती की निवासी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार उसकी करीब तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी से पहले ही दोनों नशे की लत में थे। महिला का एक दो वर्षीय बेटा भी है।

परिजनों ने बताया कि महिला लंबे समय से नशे की आदी थी और कई बार उसे हरिद्वार के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह इस लत से छुटकारा नहीं पा सकी। उसका पति भी नशे का आदी बताया जा रहा है और फिलहाल गाजियाबाद के एक नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करा रहा है।

परिवार के अनुसार महिला करीब 15 दिन पहले नशा मुक्ति केंद्र से घर लौटी थी, लेकिन तीन दिन से लापता थी। परिजनों का कहना है कि नशे की हालत में वह कभी-कभी एक-दो दिन के लिए घर से गायब हो जाती थी। फिलहाल महिला की छोटी बहन उसके बच्चे की देखभाल कर रही है, जबकि उसके पिता स्कूल का ऑटो चलाते हैं।

महिला की मां ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चूना भट्ठा क्षेत्र में स्मैक का कारोबार खुलेआम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कई बार पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण उनकी बेटी की जान चली गई।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button