भारतीय शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा का निधन, ली अंतिम सांसे; डॉक्टर ने दी पूरी जानकारी

देहरादून । भारत के दिग्गज निशानेबाज और भारतीय शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा का शुक्रवार 12 जून की सुबह दिल्ली के साकेत मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
निधन के बाद जसपाल राणा का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद उनका शव दिल्ली के सैनिक फार्म स्थित आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना जारी है।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के ग्रुप चेयरमैन डॉ. बलबीर सिंह ने जारी बयान में बताया कि जसपाल राणा को तीन दिन पहले एक्यूट हार्ट अटैक आया था। उस समय वह यात्रा कर रहे थे और अस्पताल पहुंचने से पहले उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। अस्पताल पहुंचने पर उनकी स्थिति बेहद गंभीर थी।
बयान के अनुसार, हार्ट अटैक के लिए जिम्मेदार धमनी पूरी तरह ब्लॉक हो गई थी, जिससे उनके हृदय की पंपिंग क्षमता काफी कमजोर हो गई थी और हार्ट फेलियर की स्थिति बन गई थी।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि उपचार के बाद जसपाल राणा की स्थिति में सुधार हुआ था और उन्हें शुक्रवार को डिस्चार्ज किए जाने की तैयारी थी। हालांकि, सोते समय अचानक कार्डियक रप्चर होने से उनकी मृत्यु हो गई।
जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी जगत का एक बड़ा नाम थे और उन्होंने खिलाड़ी के साथ-साथ कोच के रूप में भी देश को महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर है।



