UKSSSC की स्नातक स्तरीय परीक्षा 14 जून को, आयोग ने अभ्यर्थियों से एक दिन पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपील जारी की है। आयोग ने मौसम विभाग की चेतावनियों, चारधाम यात्रा, नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव और सप्ताहांत में बढ़ने वाले पर्यटक दबाव को देखते हुए अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्रों तक समय से पहुंचने और यात्रा की पूर्व तैयारी करने का आग्रह किया है।
आयोग के अनुसार 14 जून को राज्यभर में स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ समेत कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। ऐसे में सड़क मार्ग बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
आयोग ने कहा कि राज्य में चल रही धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों के कारण भी कई मार्गों पर यातायात का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रह सकता है। नैनीताल जिले में नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव को देखते हुए नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
वहीं, देहरादून, ऋषिकेश, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में चारधाम यात्रा जारी है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के चलते राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख संपर्क मार्गों पर लगातार वाहनों का दबाव बना हुआ है। आयोग ने आशंका जताई है कि परीक्षा वाले दिन भी यातायात की स्थिति चुनौतीपूर्ण रह सकती है।
इसके अलावा 13 और 14 जून को सप्ताहांत होने के कारण देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, मसूरी समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों की ओर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिससे कई मार्गों पर भीड़ बढ़ सकती है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से कम से कम एक दिन पहले परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंचने की सलाह दी है। साथ ही परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण करने की भी अपील की गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति न बने।
आयोग ने कहा है कि समय से पहले पहुंचने की रणनीति अपनाकर अभ्यर्थी मौसम, जाम और मार्ग अवरोध जैसी परिस्थितियों के प्रभाव को कम कर सकते हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की देरी से बचने के लिए यात्रा की अग्रिम योजना बनाना जरूरी है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने सभी जिलों के पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। आयोग ने कहा है कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई होने पर अभ्यर्थी संबंधित जिला प्रशासन या पुलिस कंट्रोल रूम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
आयोग का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा होता है और उसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अभ्यर्थी मौसम या यातायात संबंधी समस्याओं के कारण परीक्षा से वंचित न रह जाए।



