
देहरादून। राष्ट्रपति Droupadi Murmu अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच गई हैं। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल Gurmit Singh और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने उनका स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री Madan Kaushik, मुख्य सचिव Anand Bardhan और पुलिस महानिदेशक Deepam Seth सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13 जून को होने वाली Indian Military Academy की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और परेड की सलामी लेंगी। अकादमी में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित परेड में प्रशिक्षण पूरा कर चुके जेंटलमैन कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए राजधानी देहरादून में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। देहरादून पुलिस, एसपीजी, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभाली। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
राष्ट्रपति का काफिला दोपहर बाद राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचा, जहां उनके ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। राष्ट्रपति शनिवार सुबह राष्ट्रपति निकेतन से भारतीय सैन्य अकादमी के लिए रवाना होंगी।
आईएमए की पासिंग आउट परेड को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परेड में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ मित्र देशों के कैडेट भी हिस्सा लेंगे। यह भारतीय सेना की सबसे प्रतिष्ठित सैन्य परंपराओं में से एक मानी जाती है, जिसमें कैडेट अपने प्रशिक्षण और अनुशासन का प्रदर्शन करते हैं।
राष्ट्रपति के भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए पूरे क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के हवाई क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक ड्रोन के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही जनपद क्षेत्र में वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है।
देहरादून के एसएसपी Pramendra Dobhal ने बताया कि राष्ट्रपति के भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए तैनात पुलिस बल की उच्च स्तरीय ब्रीफिंग की गई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी कराया गया है।



