
हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने मंगलवार को जमानत के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की। उनके अधिवक्ता ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में जमानत आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर अदालत ने रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के विवेचना अधिकारी को 29 अक्टूबर तक संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने पुलिस से मामले की जांच आख्या भी मांगी है, जिसके आधार पर जमानत अर्जी पर आगे सुनवाई होगी।
गौरतलब है कि रविवार को हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हरिद्वार लाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए थे। इसके बाद से उर्मिला रोशनाबाद जेल में बंद हैं।
पूर्व विधायक की बेटी ने दर्ज कराया है मुकदमा
उर्मिला सनावर के खिलाफ पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला रविदास पीठ उनके नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने का दबाव बना रही थीं। आरोप यह भी है कि मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने और दीपिका के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर उनकी छवि खराब करने की धमकी दी गई।
दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
29 अक्टूबर को होगी जमानत अर्जी पर आगे की सुनवाई
अदालत ने मामले के विवेचना अधिकारी को 29 अक्टूबर तक संबंधित दस्तावेज और जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की रिपोर्ट और दस्तावेज मिलने के बाद अदालत जमानत अर्जी पर आगे की सुनवाई करेगी।
इस बीच, हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया है कि उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के संबंध में की गई है और इसका नार्को टेस्ट से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि अदालत का आदेश मिलता है, तो उर्मिला को महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में नार्को टेस्ट के लिए भेजा जाएगा।



