उत्तराखंड

देवप्रयाग के पास खाई में गिरी कार, चालक समेत दो की मौत; तीन लोग घायल

श्रीनगर: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देवप्रयाग के पास एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास हुआ, जहां चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही हरियाणा नंबर की वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई। पुलिस और बचाव दल ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागी, देवप्रयाग पहुंचाया।

हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। कीर्तिनगर के एसडीएम पंकज भट्ट के अनुसार, कार में सवार पांच लोगों में से दो की मौत हुई है और तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

हादसे में मृतकों और घायलों के नाम

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सत्येश्वरी देवी (72), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल, पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली, जिला चमोली के रूप में हुई है।

वहीं, घायलों में उत्तम सिंह (33), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना रुद्रप्रयाग और सुनीता देवी (45), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना रुद्रप्रयाग शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button