गुच्चुपानी चौक पर सड़क पर शराब पीने और रास्ता देने को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट

देहरादून। राजधानी के गुच्चुपानी चौक पर सड़क पर खुले में शराब पीने और रास्ता देने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में एक युवक के सिर पर चोट लगने की बात सामने आई है। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के सुमीत सैन ने शिकायत में बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह गुच्चुपानी से अनारवाला के विजयपुर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गुच्चुपानी चौक पर कुछ लोग सड़क पर शराब पी रहे थे। आरोप है कि जब उन्होंने घर जाने के लिए गाड़ी हटाकर रास्ता देने को कहा तो राजीव गुरुंग, आनंद गुरुंग, शिवा, सत्यम, मोहित शर्मा, मोहन और आकाश समेत अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान ललित के सिर में चोट आई।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के सत्यम गुरुंग ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि गाड़ी हटाने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था। वह विवाद शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान सुमीत सैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।



