उत्तराखंड

तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से 10वीं के छात्र की मौत, दो साथी गंभीर तरह से घायल

रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। आईटीआई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, टैंकर और उसके चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 15 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। हादसे में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

जानकारी के मुताबिक, घायल वासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। वासु उदय राजेंद्र इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है। उसने उस दिन स्कूल से अवकाश लिया था और अपने दोनों साथियों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

मृतक शिवम अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

हादसे की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

काशीपुर के क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button