उत्तराखंड

मसूरी में सरकारी आवास पर गिरा पहाड़ का हिस्सा, कर्मचारी का परिवार बाल-बाल बचा

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। बुधवार सुबह एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवासों पर पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। भारी चट्टान एक सरकारी आवास की पत्थर की दीवार तोड़ते हुए कमरे तक पहुंच गई। हादसे के समय कमरे में कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी, उनकी पत्नी और छोटा बच्चा मौजूद थे। गनीमत रही कि तीनों सुरक्षित बच गए, हालांकि नेगी की पत्नी को मामूली चोटें आई हैं।

 

गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि सुबह तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ समझ पाते उससे पहले पहाड़ से टूटी विशाल चट्टान कमरे की दीवार तोड़ते हुए अंदर आ गई। उन्होंने बताया कि जिस जगह चट्टान गिरी, उससे कुछ ही दूरी पर परिवार का बिस्तर था। यदि दीवार पत्थर की बजाय ईंट की होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

 

हर बरसात में बना रहता है खतरा

 

गोविंद सिंह ने बताया कि एसडीएम कार्यालय परिसर के इन पुराने सरकारी आवासों में करीब पांच परिवार रहते हैं। बरसात के मौसम में पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थर गिरना आम बात है, लेकिन इस बार पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटने से पूरे परिसर में दहशत का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि हर बारिश में जान जोखिम में डालकर यहां रहना पड़ता है।

 

अंग्रेजों के समय के हैं सरकारी आवास

 

स्थानीय कर्मचारियों के मुताबिक, ये सरकारी आवास अंग्रेजों के समय के बने हुए हैं और अब काफी जर्जर हो चुके हैं। लंबे समय से इनके पुनर्निर्माण और पहाड़ी के वैज्ञानिक ट्रीटमेंट की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

 

प्रशासन ने निरीक्षण का दिया आश्वासन

 

घटना की सूचना एसडीएम मसूरी राहुल आनंद को दे दी गई है। गोविंद सिंह नेगी के अनुसार, एसडीएम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षतिग्रस्त भवन तथा पहाड़ी का जल्द निरीक्षण कराया जाएगा।

 

सुरक्षित आवास की उठी मांग

 

हादसे के बाद कर्मचारियों ने जर्जर सरकारी आवासों के पुनर्निर्माण, पहाड़ी के वैज्ञानिक ट्रीटमेंट और सुरक्षित स्थान पर वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थायी समाधान होने तक इन भवनों में रहना बेहद जोखिम भरा है।

 

लगातार हो रही बारिश के बीच यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में बने पुराने सरकारी भवनों का तत्काल सुरक्षा आकलन कर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button