उत्तराखंड

5 हजार रुपये के शक में दोस्त बना कातिल, शराब पार्टी के बाद गला घोंटकर की हत्या

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि यह हत्या का मामला था। पुलिस ने मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया है, जिसने महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।

 

ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि 31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की।

 

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। जांच में पता चला कि घटना से पहले अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर ट्रांजिट कैंप में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद दो दोस्त वहां से चले गए और अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।

 

पुलिस के मुताबिक, सुनील बहाने से अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसी दौरान सुनील ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं छोड़कर फरार हो गया।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी किए थे। इसी संदेह के चलते उसने अपने दोस्त की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button