उत्तराखंडदुर्घटना

गंगोत्री जा रहा टेंपो ट्रैवलर नगुन-सुवाखोली मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त, पांच यात्री घायल

उत्तरकाशी। दिल्ली से गंगोत्री धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर नगुन-सुवाखोली मोटर मार्ग पर नागराजा धार के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन में सवार पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में कुल 23 यात्री सवार थे, जो गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले थे। दोपहर करीब 2:15 बजे नागराजा धार के पास अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया। गनीमत यह रही कि वाहन सड़क के बाहर खाई की ओर गिरने के बजाय अंदर की ओर नाली में फंस गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दुर्घटना में कपिल अरोड़ा, डिंपी, ध्रुव, नीता और प्रेम दास (सभी निवासी पंतनगर, जगपुरा, दिल्ली) घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के लिए सभी को चिन्यालीसौड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रभारी थानाध्यक्ष शिव शंकर उनियाल ने बताया कि वाहन चालक जगजीत सिंह निवासी कुरुक्षेत्र (हरियाणा) ने पूछताछ में ब्रेक फेल होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button