पूर्व मंत्री ओमवती देवी पंचतत्व में विलीन, अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब।

बिजनौर ( नगीना ) – ओमवती देवी का शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, समर्थक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।बताया गया कि शुक्रवार दोपहर बिजनौर के एक निजी अस्पताल में हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। वह करीब 76 वर्ष की थीं। शनिवार को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।नगीना की राजनीति में ओमवती देवी का लंबा और प्रभावशाली सफर रहा। उन्होंने वर्ष 1985 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधायक बनकर राजनीति में पहचान बनाई। इसके बाद वह 1996 और 2002 में समाजवादी पार्टी से विधायक चुनी गईं, जबकि 2007 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर जीत हासिल कर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री बनीं।वर्ष 1998 में उन्होंने लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद के रूप में भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कांग्रेस, सपा, बसपा और भाजपा जैसे प्रमुख दलों में सक्रिय भूमिका निभाई।उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित और संघर्षशील नेता बताया। लोगों ने कहा कि ओमवती देवी का निधन क्षेत्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।



