उत्तराखंड

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन, शराब की दुकान परिसर की कैंटीन में मिले बासी चने; कोर्ट में मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों पर निगरानी और सख्त कर दी है। इसी क्रम में बहादराबाद क्षेत्र स्थित एक शराब की दुकान परिसर में संचालित कैंटीन पर छापेमारी के दौरान बासी और दुर्गंधयुक्त चने मिलने पर विभाग ने संचालक के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया है।

 

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में टीम ने एनएच स्थित महादेव ढाबा के समीप शराब की दुकान के अंदर संचालित कैंटीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो एल्यूमीनियम ट्रे में रखे करीब साढ़े चार किलो उबले काले चने मिले, जिनसे तेज दुर्गंध आ रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही उक्त खाद्य सामग्री को नष्ट करवा दिया।

 

निरीक्षण के दौरान कैंटीन संचालक पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल एवं वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र तथा पेस्ट कंट्रोल से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया है।

 

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा सीजन में अब तक पांच मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।

 

वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने निर्मल छावनी, लोधा मंडी और अपर रोड क्षेत्र में भी निरीक्षण अभियान चलाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में रेस्टोरेंट, ढाबों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कुल नौ प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में दो प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किए गए, जबकि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने वाले एक कारोबारी का चालान किया गया।

 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button