किसानों की पंचायत, समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

बिजनौर – ( चांदपुर ) – किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू लोक शक्ति की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक लापरवाही और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी जताई गई। पंचायत के बाद किसानों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।तहसील परिसर में आयोजित बैठक का संचालन सतवीर सिंह ने किया। जलीलपुर ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह काकरान ने कहा कि सरकारी विभाग समय पर किसानों के कार्य नहीं कर रहे हैं, जिससे उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।पंचायत में किसानों ने कई अहम मुद्दे उठाए। इनमें बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर रोक, ग्राम बामन सोरा में मीरापुर रोड पर जल निकासी के लिए पाइप लाइन डालने, प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे को विदुर कुटी गंज बिजनौर गंगा किनारे से निकालने, ग्राम कमालपुर में नाला निर्माण, खेतों की पैमाइश के दौरान पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने, आवारा पशुओं व गुलदार से सुरक्षा, खानपुर व लाटीपुर चूखेड़ी में तालाबों की सफाई तथा जलीलपुर ब्लॉक में सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाने जैसी मांगें शामिल रहीं।बैठक के उपरांत किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी नितिन तेवतिया को सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।इस दौरान शूरवीर सिंह, गजराज सिंह, योगेंद्र सिंह तोमर, गजेंद्र सिंह, कुमार पाल सिंह, भूदेव यादव, नाथू यादव, कन्हैया, कमल सिंह, नाजिम अहमद, सलीम अहमद, धीरेंद्र त्यागी, प्रवेश त्यागी, ओंकार सिंह, कालू त्यागी सहित कई किसान मौजूद रहे।



