प्रेमिका की हत्या कर खेत में दफनाया शव, पुलिस जांच में खुलासा।

बिजनौर ( मंडावर ) – थाना मंडावर क्षेत्र में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई में चिकन की दुकान चलाने वाले फैजल अंसारी पर अपनी प्रेमिका सना (35) की हत्या कर शव को गन्ने के खेत में दफनाने का आरोप है।जानकारी के अनुसार आरोपी फैजल ईद के दौरान सना को मुंबई से अपने गांव लेकर आया था। इसके बाद महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की बहन शबाना आसिफ शेख मुंबई पुलिस टीम के साथ बिजनौर पहुंची।पुलिस जांच और आरोपी की निशानदेही पर फतेहपुर संभाचंद क्षेत्र स्थित एक गन्ने के खेत से महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर सीओ सिटी अभय पांडेय और मंडावर थाना प्रभारी संजय तोमर पुलिस बल के साथ पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका की बहन ने मुंबई पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में बताया जा रहा है।



