निपुण भारत व ऑपरेशन कायाकल्प की बैठक में डीएम सख्त।

बिजनौर – जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जनपद स्तरीय टास्क फोर्स तथा ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता, विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने सचिन कसाना (बेसिक शिक्षा अधिकारी) को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के सभी विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं को निर्धारित दक्षताओं तक पहुंचाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक के विद्यालयों में उपलब्ध कंप्यूटरों की संख्या तथा जिन विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध नहीं हैं, उनकी अलग-अलग सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, विद्यालयों में शतरंज (चेस) की उपलब्धता को लेकर भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों के बौद्धिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके।उन्होंने विशेष रूप से बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में छात्राओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और उसमें पानी की उपलब्धता भी अनिवार्य रूप से हो। इसके अतिरिक्त, जिन विभागों के इंडिकेटर अद्यतन नहीं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए और शिक्षकों की उपस्थिति के साथ-साथ पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जहां भी कोई कमी पाई जाए, उसे तत्काल प्रभाव से दूर किया जाए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जिन विद्यालयों में मानकों के अनुरूप कार्य अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।बैठक में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था, रैंप, खेल सामग्री, पुस्तकालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।इस अवसर पर रणविजय सिंह (मुख्य विकास अधिकारी), बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



