तमक नाले में बहे BRO कर्मचारी का दूसरे दिन भी सुराग नहीं, मलबे में दबे मिले वाहन

चमोली : नीती घाटी के तमक नाले में भारी बारिश के बाद आए उफान में बहे बीआरओ (BRO) कर्मचारी का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे के बाद चमोली पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे से ही तमक क्षेत्र में खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। अभियान में स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में जुटे हुए हैं।
नाले में पानी का बहाव सामान्य होने के बाद मंगलवार को आपदा के निशान साफ दिखाई दिए। तमक क्षेत्र में चारों ओर मलबा फैला हुआ है। वहीं, मलबे में ग्रिफ (GREF) के वाहन भी दबे हुए नजर आए। हादसे के बाद से लापता कर्मचारी की तलाश में रेस्क्यू टीमें संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
तमक नाले के उफान में बहा कर्मचारी
सोमवार को भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया था। तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने से एक कर्मचारी के बहने की सूचना मिली थी। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है। मंगलवार को पानी कम होने के बाद राहत एवं बचाव टीमों ने घटनास्थल के आसपास सर्च अभियान तेज किया।
मलबे में दबे वाहन, तबाही का मंजर
तमक नाले में आई बाढ़ अपने पीछे भारी मलबा छोड़ गई है। मौके पर बड़ी मात्रा में पत्थर और मलबा जमा है। इसी मलबे में ग्रिफ के वाहन भी दबे हुए हैं। क्षेत्र में हुई तबाही से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नाले का बहाव कितना तेज रहा होगा।
चमोली में बारिश का दौर जारी
इधर, चमोली जिले में सोमवार से ही बारिश का दौर जारी है। हालांकि मंगलवार को बारिश हल्की रही, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियां सतर्क हैं। तमक क्षेत्र में लापता कर्मचारी की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। टीमों की कोशिश है कि जल्द से जल्द कर्मचारी का पता लगाया जा सके।



