केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, 2 अगस्त से शुरू होगा ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ का दूसरा चरण

देहरादून: कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए एश्ले हॉल चौक पर उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी शामिल रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाए।
महिला कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए महिला विरोधी सोच के आरोप
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं के बयानों से महिलाओं के प्रति उनकी सोच उजागर होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कथित रूप से दुष्कर्म के आरोपी के समर्थन में दिए गए बयान की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है।
2 अगस्त से निकलेगी परिवर्तन संकल्प यात्रा
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखंड में 2 अगस्त से ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के दूसरे चरण की शुरुआत की जाएगी। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि यात्रा के माध्यम से कांग्रेस राज्य के विभिन्न जनसरोकारों और सरकार की नीतियों को जनता के बीच ले जाएगी।
उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को विकासनगर विधानसभा और शाम को सहसपुर विधानसभा में यात्रा निकाली जाएगी। 3 अगस्त को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 4 अगस्त को राजपुर और मसूरी विधानसभा में यात्रा प्रस्तावित है। 5 अगस्त को रायपुर और डोईवाला विधानसभा में भी कार्यक्रम तय किए गए थे, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट के निधन के कारण इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों की यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
रोजगार, पेपर लीक और कानून व्यवस्था को बनाएगी मुद्दा
प्रीतम सिंह ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं, किसानों और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजबूत नकल विरोधी कानून होने के बावजूद पेपर लीक की घटनाएं जारी हैं और रोजगार के लिए युवाओं को संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, खनन, शराब और भू-माफिया, महिलाओं की सुरक्षा तथा पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ रहे वन्यजीव-मानव संघर्ष जैसे मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस इन्हीं विषयों को लेकर जनता के बीच जाएगी।



