उत्तराखंड

देहरादून में 5.47 लाख मतदाताओं को मिलेगा व्यक्तिगत नोटिस, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज

देहरादून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत देहरादून जिले में 5.47 लाख मतदाताओं को घर-घर जाकर व्यक्तिगत नोटिस दिए जाएंगे। यह नोटिस उन मतदाताओं को जारी किए जा रहे हैं, जिनका विवरण वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूची से मेल नहीं खा रहा है या जिनकी जानकारी अपूर्ण पाई गई है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है।

 

डीएम ने किया अभियान का निरीक्षण

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को अजबपुरकलां क्षेत्र पहुंचकर नोटिस वितरण अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर जाकर देखा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) किस प्रकार मतदाताओं को नाम और विवरण में अंतर की जानकारी दे रहे हैं तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में समझा रहे हैं।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सरल, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए।

 

मतदाताओं को मिलेगा जानकारी सुधारने का अवसर

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि यह अभियान मतदाताओं को अपनी जानकारी में सुधार कराने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ के लिए सरल भाषा में चेकलिस्ट और कार्यप्रणाली तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं के विवरण का सत्यापन और मिलान किया जा चुका है।

 

घर-घर जाकर दिए जाएंगे नोटिस

 

अभियान के तहत बीएलओ प्रत्येक संबंधित मतदाता के घर जाकर व्यक्तिगत नोटिस देंगे। नोटिस वितरण के बाद उसकी फोटो निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी की जा सके और पारदर्शिता सुनिश्चित हो।

 

जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान को पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button