उत्तराखंड

हल्द्वानी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर 7 कोचिंग सेंटर सील

हल्द्वानी: लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद उत्तराखंड में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले सात कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। वहीं एक अन्य संस्थान को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी सुरक्षा मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन सुरक्षा, फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण, फायर अलार्म सिस्टम और आपातकालीन निकास मार्गों की जांच की गई।

जांच में कई संस्थानों में फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिली, जबकि कई जगह अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्थाएं भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं। गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने सात बड़े कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया।

छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

प्रशासन का कहना है कि कोचिंग संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करते हैं, इसलिए सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार ने बताया कि भविष्य में भी कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि छात्रों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button