उत्तराखंड

गूलर बस हादसा: यात्रियों की चेतावनी के बावजूद तेज रफ्तार में चला रहा था चालक, घायल यात्री ने बताई हादसे की वजह

ऋषिकेश: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास हुए दर्दनाक बस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद एक घायल यात्री ने बस दुर्घटना की वजह बताते हुए चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्री के अनुसार, सफर की शुरुआत से ही बस की रफ्तार काफी तेज थी और पहाड़ी रास्तों के खतरनाक मोड़ों पर भी चालक गति कम नहीं कर रहा था।

हादसे में घायल पंकज ने बताया कि बस में सवार कई यात्रियों ने खतरे को भांपते हुए चालक को बार-बार गाड़ी धीमी चलाने के लिए कहा था, लेकिन उसने यात्रियों की चेतावनी को अनसुना कर दिया। पंकज के मुताबिक, गूलर के पास एक मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा।

बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घायल यात्री मदद के लिए आवाज लगाने लगे। हादसे में घायल पंकज का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बस चालक की लापरवाही को दुर्घटना की वजह बताया है।

मुनिकीरेती के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि गूलर के पास हुए हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। बस में कुल 34 लोग सवार थे। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं।

गौरतलब है कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button