14 लाख की लूट में बजरंग दल नेता की गिरफ्तारी पर बवाल, एसएसपी कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन

देहरादून: राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल के नेता सिद्धांत बडोनी समेत सात लोगों की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ गया है। शनिवार 14 नवंबर को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के विरोध में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई को गलत बताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। शुरुआत में एसपी सिटी शेखर सुयाल ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी एसएसपी से मुलाकात करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सिद्धांत बडोनी को लूट के मामले में गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है और उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। संगठन के अध्यक्ष विकास वर्मा ने कहा कि संगठन पुलिस जांच के खिलाफ नहीं है, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच किए बिना कार्रवाई की गई है। प्रदर्शनकारियों ने पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई। साथ ही सिद्धांत बडोनी के साथ बर्बरता किए जाने का आरोप लगाया।
वहीं, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि लूट के मामले की जांच एसपी सिटी सर्किल से हटाकर एसपी ग्रामीण जया बलूनी को सौंप दी गई है। लूट की घटना के साथ ही पुलिस पर लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सात नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक सवार बदमाशों ने राजेश कुमार सोनी से 14 लाख रुपये लूट लिए थे। राजेश कुमार सोनी जमीन के सौदे से मिली रकम लेकर अपने साथियों के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बजरंग दल के नेता सिद्धांत बडोनी भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर ही संगठन ने विरोध प्रदर्शन किया है।



