खड़गे के कथित अपमान के विरोध में कांग्रेस का सीएम आवास कूच, भारी बारिश के बीच हाथीबड़कला में रोके गए कार्यकर्ता

देहरादून: सोमवार 7 सितंबर को राजधानी देहरादून में कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म रहा। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित अपमान के विरोध में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास कूच का आह्वान किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में जुटे और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च किया।
परेड ग्राउंड में अलग-अलग जिलों से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। यहां पार्टी के बड़े नेताओं ने जनसभा को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष के सम्मान के खिलाफ है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। इस दौरान हो रही भारी बारिश भी कार्यकर्ताओं का हौसला नहीं तोड़ सकी। पुलिस ने परेड ग्राउंड से आगे हाथीबड़कला चौकी के समीप बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक दिया। काफी देर से कांग्रेसी कार्यकर्ता वहीं डटे हुए हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता और कार्यकर्ताओं की आवाज सरकार तक पहुंचाती रहेगी।
परेड ग्राउंड में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत विपक्ष के विधायकों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च पर निकले।
मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रदर्शन के चलते देहरादून के विभिन्न इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।



