उत्तराखंड

श्रीदेव सुमन विवि की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल, कॉपी में अंक नहीं फिर भी छात्र को दिए 27 नंबर

देहरादून। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आया है। बीए पांचवें सेमेस्टर की साइकोलॉजी की उत्तर पुस्तिका में किसी भी प्रश्न के सामने अंक दर्ज नहीं किए गए, इसके बावजूद छात्र को 75 में से 27 अंक दे दिए गए। आरटीआई के जरिए मिली जानकारी के बाद मामले ने विश्वविद्यालय की मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला राजकीय महाविद्यालय देहरादून, सुद्धोवाला का है। छात्र ने दिसंबर में बीए पांचवें सेमेस्टर की साइकोलॉजी असेसमेंट परीक्षा दी थी। बाद में छात्र ने आरटीआई के माध्यम से अपनी उत्तर पुस्तिका और मूल्यांकन से जुड़ी जानकारी मांगी। इसमें सामने आया कि उत्तर पुस्तिका में किसी प्रश्न के आगे अंक दर्ज नहीं थे, लेकिन विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में छात्र को 27 अंक दिए गए थे।

मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद भी नहीं सुधरे अंक

छात्र ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की। उसका आरोप है कि अंग्रेजी विषय में उसे परीक्षा में 56 अंक मिले थे, लेकिन रिजल्ट में 30 अंक दर्ज कर उसे फेल कर दिया गया। शिकायत के बाद विश्वविद्यालय की ओर से 30 अंक बढ़ाकर 36 कर दिए गए, लेकिन छात्र के अनुसार उसके वास्तविक 56 अंक अब भी दर्ज नहीं किए गए।

दोबारा मूल्यांकन में मिले 50 अंक

मामला सामने आने के बाद राजकीय महाविद्यालय सुद्धोवाला ने साइकोलॉजी की उत्तर पुस्तिका का विषय विशेषज्ञ से दोबारा मूल्यांकन कराया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार के अनुसार, पुनर्मूल्यांकन में छात्र को 75 में से 50 अंक मिले हैं। यानी विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में दर्ज 27 अंकों से 23 अंक अधिक।

प्राचार्य ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजी जाएगी। रिजल्ट में संशोधन का निर्णय विश्वविद्यालय स्तर पर लिया जाएगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब उत्तर पुस्तिका में किसी प्रश्न के सामने अंक दर्ज नहीं थे तो विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में 27 अंक कैसे दर्ज किए गए। वहीं, कॉलेज के दोबारा मूल्यांकन में 50 अंक आने के बावजूद छात्र के परिणाम में सही अंक दर्ज क्यों नहीं किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button